
Jamshedpur : चाईबासा निवासी एक युवती ने इंस्टाग्राम पर संपर्क में आए युवक पर बातचीत के दौरान मोबाइल लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। युवती ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। घटना पीएम मॉल में मंगलवार को हुई।
युवती पूनम कुमारी सिंह के अनुसार, वह काम के सिलसिले में जमशेदपुर आई थीं। इसी दौरान पीएम मॉल में उनकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर फॉलो करने वाले युवक से हुई। दोनों के बीच पहले से सोशल मीडिया के माध्यम से सामान्य बातचीत होती थी। पूनम का कहना है कि वह युवक से पहले साकची मार्केट में भी मिल चुकी हैं।
पूनम ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान युवक ने घर पर फोन करने के लिए उनसे मोबाइल मांगा। उसने अपने मोबाइल में चार्ज नहीं होने की बात कही। मोबाइल लेने के बाद युवक ने नेटवर्क नहीं आने का बहाना बनाया और कुछ दूरी पर चला गया। कुछ देर बाद जब युवती ने उसे तलाश किया तो वह वहां नहीं मिला।
इसके बाद पूनम ने मॉल के एक गार्ड का मोबाइल लेकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी लॉगिन की और संबंधित युवक से संपर्क किया। युवती के मुताबिक, युवक ने खुद को स्टेशन के पास बताया और जल्द लौटकर मोबाइल देने की बात कही। काफी देर इंतजार करने के बाद भी वह वापस नहीं आया। बाद में उसने कथित तौर पर मोबाइल लेने से ही इनकार कर दिया।
युवती का दावा है कि मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवक को उससे मोबाइल लेते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
पूनम के अनुसार, युवक ने अपना नाम प्रिंस सिंह बताया था और आदित्यपुर-2 में रहने की बात कही थी। युवती का आरोप है कि घटना के बाद युवक ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से तस्वीरें हटा दीं और उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया।
मामले को लेकर पूनम ने पुलिस से शिकायत की है। फिलहाल आरोपी युवक का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

