
चाईबासा : दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) चक्रधरपुर के प्रांगण में ब्रह्माकुमारी संस्थान के सौजन्य से एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का प्रमुख ध्येय छात्र-छात्राओं को नशे के गभीर कुप्रभावों की जानकारी देना तथा उन्हें एक अनुशासित एवं निरोग जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।
समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रतिनिधि माननी दास, विद्यालय के प्रधानाचार्य रविकांत शर्मा और उपप्राचार्या राजश्री कुमारी ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि नशा शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक तीनों स्तरों पर मनुष्य का पतन करता है। यह केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट नहीं करता, बल्कि उसके पूरे परिवार तथा समाज की सुख-शांति को भी दीमक की तरह चाट जाता है।
वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे किशोरावस्था की अपनी असीम ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करें। नशे जैसी कुरीतियों से पूरी तरह दूर रहकर अपनी प्रतिभा को शिक्षा, क्रीड़ा स्पर्धाओं और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। विद्यार्थियों से यह संकल्प भी लिया गया कि वे स्वयं भी व्यसन से दूर रहेंगे और अपने आसपास के वातावरण को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि समाज को व्यसनमुक्त बनाना किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का दायित्व है। सही समय पर सही मार्गदर्शन और सामाजिक चेतना के बल पर ही युवा पीढ़ी को इस दलदल में फंसने से बचाया जा सकता है।इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधन प्रभारी सोमू चौधरी, रूपाली राय, अंजली दुबे, नूतन कुमार और राहुल मिश्रा समेत स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Read Also Chaibasa News : डॉ. मीना कालुंडिया को मिला सिविल सर्जन का प्रभार, चिकित्सकों ने किया स्वागत

