Home » Chaibasa News : डॉ. मीना कालुंडिया को मिला सिविल सर्जन का प्रभार, चिकित्सकों ने किया स्वागत

Chaibasa News : डॉ. मीना कालुंडिया को मिला सिविल सर्जन का प्रभार, चिकित्सकों ने किया स्वागत

निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी के सेवानिवृत्त होने के बाद मिला प्रभार

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल में सिविल सर्जन के पद पर नई नियुक्ति हुई है। विभाग ने डॉ. मीना कालुंडिया को सिविल सर्जन का प्रभार सौंपा है। मंगलवार को उन्होंने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया।

प्रभार ग्रहण करने के बाद सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डॉ. शिवचरण हसदा और डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम ने कार्यालय में गुलदस्ता भेंट कर उन्हें बधाई दी और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने भी उनका अभिनंदन किया।

बता दें कि 31 अगस्त को निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी सेवानिवृत्त हो गए थे, जिसके बाद यह पद रिक्त हो गया था। स्वास्थ्य विभाग ने रिक्त पद को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सक मीना कालुंडिया को सिविल सर्जन का अतिरिक्त प्रभार देने का निर्णय लिया। उनके कार्यभार संभालने से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।

जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की चुनौती उनके सामने है। सदर अस्पताल के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

चिकित्सकों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और अधिक सक्रियता से कार्य करेगा। बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है, जिस पर नई सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में कार्य किया जाएगा।

इधर, प्रभार ग्रहण करने के बाद मीना कालुंडिया ने कहा कि वे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी और सभी चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।

Read Also Chaibasa News : टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया से आवागमन ठप, हजारों ग्रामीणों का टूटा संपर्क 

Related Articles

Leave a Comment