
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में चाईबासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी मो. सफीक उर्फ मो. राजा (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस फुर्ती से क्षेत्र में लोगों का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
घटना के बाद बड़ाजामदा में राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लोग विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी। पीड़िता के परिजनों ने 30 अगस्त को महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) में लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. सफीक उर्फ मो. राजा, पिता स्व. अब्दुल मुतालिब, निवासी एच रोड, मुस्लिम बस्ती, थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) में 30 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

