
चाईबासा : चाईबासा के लिए गर्व का पल है। स्थाई लोक अदालत चाईबासा के अध्यक्ष बृजेश पांडे के पुत्र आयुष्मान ने यूजीसी नेट जेआरएफ परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल की है।
28 अगस्त की देर रात जारी हुए रिजल्ट में आयुष्मान ने कंप्यूटर साइंस विषय में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त की है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जेआरएफ के लिए क्वालिफाइंग मार्क्स 214 और पीएचडी के लिए 180 निर्धारित था, जबकि आयुष्मान ने 248 अंक हासिल कर मेरिट में टॉप 4 में जगह बनाई। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपनी मेधा और कड़ी मेहनत का लोहा मनवाया है।
आयुष्मान ने एनआईटी जमशेदपुर से 2025 में कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की है। बीटेक में उनका सीजीपीए 85.68 रहा है। फिलहाल वे हैदराबाद की एक प्राइवेट कंपनी अपटूम में एआई मशीन टूल्स एसोसिएट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ खाली समय में लगातार पढ़ाई कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
उनके पिता बृजेश पांडे ने बताया कि आयुष्मान शुरू से ही पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर रहा है और हमेशा करियर को लेकर फोकस्ड रहा है। वह अभी भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और अपने खाली समय में अन्य विद्यार्थियों को भी मार्गदर्शन देता है।
आयुष्मान की इस सफलता से पूरे चाईबासा में खुशी का माहौल है। लोग उनके परिवार को बधाई दे रहे हैं।

