
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया प्रखंड के लोगों को लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिली। भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती, सांसद बिद्युत बरण महतो तथा पूर्व विधायक सह पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बलमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य को रिम्स-2 की सौगात मिलने वाली है। पोटका विधानसभा क्षेत्र में भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्री ने पोटका विधायक संजीव सरदार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि युवा विधायकों में संजीव सरदार की अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि विधायक देर रात तक जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं।
उद्घाटन समारोह में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को 30 बेड का अस्पताल मिला है।
झारखंड गठन के करीब 26 वर्ष बाद क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक डुमरिया के लोगों को पुराने भवन में ही इलाज कराना पड़ता था। नए अस्पताल के शुरू होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि डुमरिया में अस्पताल की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। कई पीढ़ियों से लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद लगाए हुए थे। नए अस्पताल का उद्घाटन क्षेत्र के लिए खुशी और उपलब्धि का अवसर है।
संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल में पर्याप्त चिकित्साकर्मी, मैनपावर और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी है, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर के शहरों का रुख नहीं करना पड़े।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जब भी स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष मांग रखी जाती है, उस पर सकारात्मक पहल की जाती है।
हर पंचायत में स्वास्थ्य भवन बनाने की तैयारी
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि प्रखंड स्तर पर अस्पताल के बाद अब पंचायत स्तर पर भी स्वास्थ्य भवन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के साथ सड़क, शिक्षा, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है। विकसित पोटका के लक्ष्य के साथ क्षेत्र के सभी हिस्सों तक योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास जारी है।
30 बेड के अस्पताल में मिलेंगी कई स्वास्थ्य सुविधाएं
नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बेड की व्यवस्था की गई है। यहां विभिन्न प्रकार की रक्त जांच के साथ गैर-संचारी रोगों (NCD) से संबंधित सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा मिलेगी। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है।
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया समेत अन्य जरूरी जांच भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे डुमरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर उपचार और जांच की सुविधा मिल सकेगी।
अस्पताल परिसर में किया गया पौधारोपण
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद अस्पताल परिसर में अतिथियों ने पौधारोपण किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक संजीव सरदार समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अतिथियों ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए चिकित्सा सुविधाओं के साथ स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण भी जरूरी है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल, डुमरिया के सीओ पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, झामुमो के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, मिर्जा सोरेन, भगत बास्के समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

