
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो से रोवाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुलिया टूटने से रेंगड़ाहात और बांकी पंचायत के हजारों ग्रामीणों का जिला मुख्यालय चाईबासा से संपर्क कट गया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तियू ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा और पुलिया की तत्काल मरम्मत की मांग की।
आवेदन में बताया गया कि यह पुलिया पिछले साल बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे ग्रामीणों ने श्रमदान कर किसी तरह चलने लायक बनाया था। लेकिन 31 अगस्त 2026 को हुई भारी बारिश के कारण पुलिया के दोनों ओर मिट्टी का कटाव हो गया और मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
यह सड़क दोनों पंचायतों के लोगों के लिए चाईबासा आने-जाने का मुख्य रास्ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क बंद होने से लोगों को राशन, दवा और अन्य जरूरी सामान लाने में भी भारी परेशानी हो रही है।
चंद्रमोहन तियू ने कहा कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस के कारण सड़क निर्माण कार्य पहले से ही लंबित है, ऐसे में जनहित को देखते हुए पुलिया की तुरंत मरम्मत कर उसे चलने योग्य बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि बरसात के मौसम में यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए युद्धस्तर पर स्थल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए और टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर आवागमन शीघ्र बहाल किया जाए।
Read Also Chaibasa News : नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी सरायकेला से गिरफ्तार

