
रांची : एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियनऑयल डूरंड कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जमशेदपुर ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में ही चार गोल दागकर जीत की मजबूत नींव रख दी।
शुरुआती मिनटों से बनाया दबाव
मैच के चौथे मिनट में रेनियर फर्नांडिस ने पहला गोल कर जमशेदपुर को बढ़त दिलाई। इसके महज चार मिनट बाद उन्होंने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। लगातार हमलों से दबाव बनाते हुए 23वें मिनट में अमन सीके ने तीसरा गोल किया, जबकि 39वें मिनट में देवेंद्र मुरगांवकर ने चौथा गोल कर टीम को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भी बरकरार रही लय
दूसरे हाफ में डिफेंडर्स एफसी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की सुदृढ़ रक्षापंक्ति ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। मैच के 82वें मिनट में रेनियर फर्नांडिस ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और टीम की जीत को 5-0 तक पहुंचा दिया।
रेनियर बने जीत के नायक
जमशेदपुर एफसी की जीत के सबसे बड़े हीरो रेनियर फर्नांडिस रहे। उन्होंने चौथे, आठवें और 82वें मिनट में गोल दाग कर शानदार हैट्रिक पूरी की। वहीं अमन सीके और देवेंद्र मुरगांवकर ने भी एक-एक गोल कर जीत में अहम योगदान दिया।
मजबूत दावेदारी का संकेत
टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में 5-0 की बड़ी जीत के साथ जमशेदपुर एफसी ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं। आक्रमण और रक्षा दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करते हुए टीम ने खिताब की दौड़ में खुद को मजबूत दावेदार के रूप में पेश किया।
रांची में 16 अगस्त तक होंगे मैच
राजधानी रांची में 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के मैच खेले जाएंगे। मोराबादी के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता चल रही है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने रविवार सुबह तैयारियों को लेकर ब्रिफिंग की। कहा कि डूरंड कप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि रांची के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेजबानी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर है। खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, वीआईपी अतिथियों और हजारों दर्शकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। कहा-यदि किसी प्रकार की समस्या या आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और वरीय अधिकारियों को दें।
Read Also: Mirabai Chanu Bags Gold Medal : मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक की हैट्रिक, रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से भारत को दिलाया पहला गोल्ड

