
Jamshedpur : शहर में काली पूजा के दौरान पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय और प्रतिमा विसर्जन को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी ने केंद्रीय दुर्गा पूजा कमिटी की तर्ज पर केंद्रीय काली पूजा कमिटी के गठन की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दुर्गा पूजा के दौरान केंद्रीय स्तर पर विभिन्न पूजा समितियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाता है, उसी तर्ज पर काली पूजा समितियों को भी एक केंद्रीय मंच से जोड़ने की आवश्यकता है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पूजा समितियों के सदस्य सड़कों पर निकलते हैं। विसर्जन जुलूस देर रात तक चलने के कारण प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और नदी घाटों पर पर्याप्त रोशनी तथा पेयजल की व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंधेरे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि काली पूजा से पहले सभी पूजा समितियों के साथ बैठक कर विसर्जन मार्गों और घाटों का निरीक्षण किया जाए। साथ ही, संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त लाइटिंग, पेयजल, मेडिकल सुविधा, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
अप्पू तिवारी ने कहा कि केंद्रीय काली पूजा कमिटी के गठन से शहर की विभिन्न काली पूजा समितियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। इससे प्रशासन और पूजा समितियों के बीच संवाद मजबूत होगा तथा विसर्जन से जुड़ी समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मुकम्मल व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि समय रहते ठोस तैयारी किए जाने से काली पूजा और प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।

