
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के 7वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी विद्यार्थी डिग्री प्राप्त करने से वंचित न रह जाए, सत्र 2023-25 के विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह से संबंधित प्रक्रिया की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया है कि 7वें दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के सभी विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां वीर शहीद पोटो हो सभागार में प्रदान की जाएंगी। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियां और संबंधित पदाधिकारी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड भी तय किया गया है। पुरुष विद्यार्थियों को सफेद कुर्ता-पायजामा, जबकि महिला विद्यार्थियों को ऑफ-व्हाइट (क्रीम रंग) की साड़ी अथवा सलवार-सूट में उपस्थित होना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने की अपील की है।
Read Also : चाईबासा के रुंगटा परिवार ने रचा इतिहास, फॉर्च्यून इंडिया टॉप-100 में पहली बार मिली जगह

