Home » Jamshedpur Crime: मानगो में SIR कर्मी बनकर महिला को बंधक बना कर लूटने के मामले में चार गिरफ्तार, 20 ग्राम सोना बरामद

Jamshedpur Crime: मानगो में SIR कर्मी बनकर महिला को बंधक बना कर लूटने के मामले में चार गिरफ्तार, 20 ग्राम सोना बरामद

कई दिन से महिला की रेकी कर रहे थे बदमाश, सीसीटीवी फुटेज के जरिए दबोचे गए

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में एसआईआर कर्मी बनकर एक महिला के फ्लैट में घुसकर उसे बंधक बनाने और सोने के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिरसनगर जोन नंबर छह का राकेश बहादुर उर्फ राकू, सिदगोड़ा के बारीडीह बस्ती का अभिषेक कुमार दास, जुगसलाई के महतोपाड़ा रोड की रहने वाली तबस्सुम खातून और मानगो के डिमना रोड टीचर्स कॉलोनी निवासी समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना 31 अगस्त को मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित श्रीकृष्णा एलेक्स, रोड नंबर-15 स्थित फ्लैट में हुई थी। अपराधी एसआईआर कर्मी बनकर महिला के फ्लैट में पहुंचे थे। इसके बाद महिला को बंधक बनाकर उसके पहने हुए सोने के आभूषण छीन लिए गए। घटना के संबंध में पीड़िता लावती अम्मा के आवेदन पर मानगो थाना में 2 सितंबर को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-1 ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहयोग और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए करीब 20 ग्राम सोने को भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, सोने के आभूषणों को गलाने के बाद चपटा गोलाकार रूप दे दिया गया था। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है।

गिरफ्तार राकेश बहादुर उर्फ राकू का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थानों में लूट, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार और रंगदारी समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल के खिलाफ भी परसुडीह थाना में लूट का मामला दर्ज रहा है। अभिषेक कुमार दास के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और लूट की पूरी साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है।

ऐसे अंजाम दी घटना

सिटी एसपी ने बताया कि बदमाश पीड़ित महिला की कई दिनों से रेकी कर रहे थे। उसे बाहर सोने की मोटी चेन पहने हुए देखने के बाद महिला की रेकी शुरू हुई थी। इसी के बाद लूट की घटना का प्लान तैयार किया गया। मानगो का रहने वाला समरेश ने सबसे पहले पीड़ित महिला को देखा था। इसके बाद उसने इस बारे में राकेश को बताया। इसके बाद घटना का प्लान तैयार किया गया। एसआईआर के बहाने घर पर धावा बोलने की बात बदमाशों ने तय की थी और इसीलिए इस साजिश में महिला तबस्सुम को शामिल किया गया।

Read also – Jamshedpur News: जनता के पैसे से पाइपलाइन, फिर मानगो की जनता को पानी क्यों नहीं? RTI से मांगा जवाब

Related Articles

Leave a Comment