
देवघर : पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। करौं इलाके से चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर को ठगी गिरोह की सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर डीएसपी कैलाश महतो के नेतृत्व में एक टीम बनी। पुलिस टीम ने करौं के अंबा टीला जंगल में अचानक छापा मारा। जंगल के बीच में बैठकर आरोपी ठगी का धंधा चला रहे थे।
पुलिस ने मौके से चार युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में कन्हैया कुमार दास, रूपलाल पोद्दार, मोहम्मद सलीम अंसारी और समीर दास शामिल हैं।
फर्जी अधिकारी बन फैलाया जाल, जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस को 9 मोबाइल और 10 सिम कार्ड मिले हैं। ये ठग बहुत चालाकी से लोगों को अपना शिकार बनाते थे। आरोपी फोन करके खुद को अलग-अलग कंपनियों और सरकारी विभागों का अफसर बताते थे।
वे कभी फ्लिपकार्ट अधिकारी तो कभी गूगल पे कस्टमर केयर वाले बनते थे। कई बार पीएम किसान योजना, बिजली विभाग या आरटीओ अधिकारी बनकर भी बात करते थे। आरोपी लोगों को झांसा देकर उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
यह गैंग पिछले कई महीनों से इलाके में सक्रिय था। रविवार को भी आरोपी किसी नई ठगी की तैयारी कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने सही समय पर कार्रवाई कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जब्त किए गए मोबाइल और सिम कार्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन्होंने अब तक कितने लोगों से कितनी रकम ठगी है। साथ ही इनके बाकी साथियों की भी तलाश की जा रही है।
Read Also : Jharkhand Crime: एक्टर सोनू सूद का वीडियो दिखा बड़ा फ्रॉड, 42 लोगों से ऐंठे 5.81 करोड़ रुपये

