
Jamshedpur : मानगो में सुभाष कॉलोनी से मानगो ब्रिज तक नए फ्लाईओवर के नीचे बिछाई जा रही जलापूर्ति पाइपलाइन को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि इस परियोजना पर अनुमानतः 60 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन इसका लाभ मानगो के आम लोगों को मिलेगा या नहीं, यह अब तक स्पष्ट नहीं है।
समाजसेवी सौरभ विष्णु के अनुसार, पाइपलाइन मानगोवासियों की भूमि और घरों के सामने से होकर गुजर रही है, जबकि इसका संभावित उपयोग टाटा स्टील और उसके आवासीय क्वार्टरों में जलापूर्ति के लिए किया जा सकता है। इसी मुद्दे पर उन्होंने मानगो नगर निगम, उपायुक्त कार्यालय और जमशेदपुर अक्षेस में RTI दाखिल कर परियोजना के वित्तपोषण, वास्तविक लाभार्थियों और मानगोवासियों को जलापूर्ति की व्यवस्था से संबंधित जानकारी मांगी है। उन्होंने बताया कि मई 2025 में दाईगुट्टू क्षेत्र की जलापूर्ति समस्या को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया था। इसमें नई पानी टंकियां, डिमना लेक के पास वाटर फिल्टर प्लांट, फ्लाईओवर के नीचे फायर वाटर हाइड्रेंट और नई पाइपलाइन के जॉइंटिंग प्वाइंट पर टी-वाल्व लगाने की मांग की गई थी।
जुलाई 2025 में उपायुक्त कार्यालय को ज्ञापन देकर मामले की जांच की मांग की गई। स्थल निरीक्षण के दौरान डिमना से आने वाले पानी के अनफिल्टर्ड होने का मुद्दा भी सामने आया। बाद में यही मांगें टाटा स्टील के कॉरपोरेट कार्यालय के समक्ष भी रखी गईं। सौरभ विष्णु का कहना है कि लंबे समय बाद भी मांगों पर कोई स्पष्ट लिखित निर्णय नहीं मिला। उनका सवाल है कि यदि सार्वजनिक धन से मानगो में जलापूर्ति का बुनियादी ढांचा तैयार हो रहा है, तो यहां के निवासियों को इसका सीधा और न्यायसंगत लाभ क्यों नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से RTI का शीघ्र और पूर्ण जवाब देने की मांग की है।

