Home » Ranchi Court : कचहरी का पुराना लाल भवन अब होगा जमींदोज, 20 दिन में हटेगा मलबा

Ranchi Court : कचहरी का पुराना लाल भवन अब होगा जमींदोज, 20 दिन में हटेगा मलबा

by Nikhil Kumar
Ranchi Court
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के कचहरी परिसर में लंबे समय से पहचान बने पुराने लाल भवन का अब अस्तित्व समाप्त होने जा रहा है। रजिस्ट्री कार्यालय से सटे इस पुराने भवन को तोड़कर पूरी तरह हटाया जाएगा। भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं के अनुसार भवन काफी पुराना हो चुका है और मौजूदा जरूरतों के लिहाज से इसका उपयोग नहीं हो रहा था। अब भवन को ध्वस्त कर स्थल को समतल करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। दिल्ली के सत्य निकेतन में जर्जर इमारत से जुड़े हादसे के बाद पुराने और असुरक्षित भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में रांची कचहरी परिसर के वर्षों पुराने इस भवन को हटाने का फैसला भी सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
यह भवन पहले पुराने जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के तौर पर इस्तेमाल होता था। कचहरी क्षेत्र में परिवहन विभाग से जुड़ी गतिविधियों का यह महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। पुराने दौर में यहां वाहनों के दस्तावेज और परिवहन विभाग से संबंधित कामकाज होता था। 2012 में झारखंड में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने की योजना की शुरुआत के दौरान भी पुराने डीटीओ कार्यालय में इसका केंद्र बनाया गया था।
समय के साथ परिवहन विभाग का कामकाज दूसरे भवन में स्थानांतरित हो गया और पुराना भवन उपयोग से बाहर हो गया। इसके बाद इसका इस्तेमाल सीमित होता गया। अब भवन निर्माण विभाग ने इसे पूरी तरह हटाने का निर्णय लिया है। विभागीय अभियंताओं के मुताबिक भवन को तोड़ने के साथ वहां जमा निर्माण सामग्री और मलबा हटाकर स्थल को समतल किया जाएगा।

20 दिन में पूरा करना होगा काम

भवन को ध्वस्त करने का काम जिस एजेंसी या व्यक्ति को मिलेगा, उसे आदेश जारी होने के बाद 20 दिनों के भीतर भवन तोड़कर मलबा और अन्य सामग्री हटानी होगी। स्थल को समतल करने के बाद ही जमा अग्रधन की राशि वापस की जाएगी। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं करने पर अग्रधन जब्त किया जा सकता है।
भवन को तोड़ने के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान किसी तरह की दुर्घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी विभाग की नहीं होगी।

रजिस्ट्री कार्यालय के पास बदलेगा परिसर का स्वरूप

पुराने लाल भवन के हटने के बाद रजिस्ट्री कार्यालय से सटे इस हिस्से का स्वरूप भी बदल जाएगा। कचहरी परिसर में पुराने और अनुपयोगी भवन को हटाकर जमीन के बेहतर उपयोग की संभावना बढ़ेगी। विभागीय स्तर पर इसे लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रहे भवन को हटाने की प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।
भवन तोड़ने और सामग्री हटाने के लिए न्यूनतम नीलामी राशि 94,500 रुपये रखी गई है। भवन निर्माण विभाग में निबंधित संवेदकों के माध्यम से नीलामी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नीलामी 18 सितंबर को होगी।

Related Articles

Leave a Comment