
रांची : झारखंड सरकार ने वित्त विभाग के अंतर्गत कोषागार व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य प्रशासनिक सेवा और वाणिज्य-कर विभाग से जुड़े कई अधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें राज्य के विभिन्न जिलों के कोषागारों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचनाओं के अनुसार अधिकारियों को कोषागार पदाधिकारी और सहायक कोषागार पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत उज्जवल कुमार चौरसिया को हजारीबाग, संजीत कुमार को दुमका, आशुतोष कुमार को लातेहार और निहारिका वर्मा को रामगढ़ कोषागार में कोषागार पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं नजमुल लैन को कोडरमा, मनोज प्रजापति को चतरा तथा सुदामा कुमार को जामताड़ा कोषागार की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिसूचना के मुताबिक अफसाना खानम को सरायकेला-खरसावां, सुचित कुमार को लोहरदगा, ऋचा को खूंटी, कृष्णकांत महतो को गढ़वा, अजय कुमार सिंह को साहेबगंज और आमोद कुमार को गिरिडीह कोषागार में कोषागार पदाधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
इसके अलावा महेन्द्र कुमार महतो को घाटशिला कोषागार में सहायक कोषागार पदाधिकारी तथा शैलेश कुमार श्रीवास्तव को मधुपुर कोषागार में सहायक कोषागार पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को राज्य की कोषागार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अथवा अगले आदेश तक अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

