Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से घर-घर कचरा उठाव का कार्य पूरी तरह बंद है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कई दिनों तक कचरा नहीं उठने के कारण विभिन्न मोहल्लों में गंदगी का अंबार लग गया है। इससे संक्रमण और मौसमी बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
कचरा उठाव कार्य से जुड़ी एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि कचरा निष्पादन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा डंपिंग यार्ड पूरी तरह भर चुका है। डंपिंग यार्ड में अतिरिक्त कचरा डालने की व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों से कचरा संग्रहण का कार्य प्रभावित हुआ है। एजेंसी का कहना है कि जब तक वैकल्पिक डंपिंग व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक नियमित कचरा उठाव संभव नहीं है।
इस गंभीर समस्या को लेकर जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल और बड़े लाल दुबे ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान से मुलाकात की। पार्षदों ने नगरवासियों को हो रही परेशानी से अवगत कराते हुए समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।
पार्षदों ने कहा कि बरसात के मौसम में लंबे समय तक कचरे का जमा रहना जनस्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि 24 घंटे के भीतर कचरा निष्पादन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि घर-घर कचरा उठाव का कार्य दोबारा शुरू हो सके।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है और नागरिकों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि नगर परिषद प्रशासन इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि डंपिंग यार्ड से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और वैकल्पिक व्यवस्था पर भी तेजी से काम चल रहा है। नगरवासियों को हो रही असुविधा को देखते हुए जल्द ही कचरा उठाव व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर परिषद प्रशासन से लोगों को उम्मीद है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे जुगसलाई की स्वच्छता व्यवस्था बहाल हो सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
Read also – Jamshedpur News: उलीडीह में देवदास हत्याकांड का खुलासा, पैसों के विवाद में हुई थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

