
रामगढ़ : जिले की चुट्टूपालू घाटी में शुक्रवार को एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बेकाबू और तेज रफ्तार कंटेनर ने देखते ही देखते छह वाहनों को चपेट में ले लिया। इसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार को चुट्टूपालू घाटी में ढलान और तीखे मोड़ के पास एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। उसकी रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर उसपर काबू नहीं रख पाया। कंटेनर ने एक के बाद एक कर कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें चारपहिया वाहन, एक टेंपो और कुछ मोटरसाइकिलें शामिल थीं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर सड़क के बीच बने डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी तरफ जा पहुंचा। इस भयंकर हादसे में टेंपो पर सवार छह लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

घायलों को भेजा गया अस्पताल और लगा लंबा जाम
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी निजी अस्पताल और सदर अस्पताल पहुंचाया गया। कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना के बाद रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को रास्ते से हटवाया और यातायात को सामान्य किया।
बाल-बाल बचे लोग, प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई आपबीती
प्रत्यक्षदर्शी बबलू ने बताया कि कंटेनर ने अचानक कई वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी। वहीं, एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि वे एक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में फंसे परिवार की मदद करने के लिए अपनी कार से नीचे उतरे ही थे कि तभी पीछे से उसी अनियंत्रित कंटेनर ने उनकी गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मार दी। रांची से हजारीबाग जा रहे लोगों ने बताया कि इस घाटी में लगातार हादसे से अब लोगों का सफर करना खतरनाक हो गया है।
एनएचएआई की लापरवाही पर भड़के लोग
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे इन हादसों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के इंतजामों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों और चालकों का कहना है कि इस घाटी के घुमावदार मोड़ और तीखी ढलान भारी वाहनों के लिए हमेशा से जानलेवा साबित हो रहे हैं।
इतने हादसों के बावजूद एनएचएआई और प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। आए दिन ट्रक और कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं या गाड़ियों को टक्कर मारते हैं।
रामगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। क्षतिग्रस्त टेंपो से घायलों को निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

