Home » Jamshedpur News : टाउनशिप को स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने को मुहिम तेज, बैठक में कई अहम मुद्दों पर मंथन

Jamshedpur News : टाउनशिप को स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने को मुहिम तेज, बैठक में कई अहम मुद्दों पर मंथन

Jamshedpur News : बैठक में स्पष्ट किया गया कि उपलब्ध पार्किंग स्थलों का उपयोग नहीं करने और सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

by Anurag Ranjan
Tata Steel Technical Services Limited Recruitment 2026
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : टाउनशिप को स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बुधवार को जुस्को बोर्ड रूम में आयोजित टाउन एडवाइजरी कमेटी (टीएसी) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। शाम साढ़े चार बजे से शाम सात बजे तक चली बैठक में सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था, फ्लैटों की मरम्मत, गैस कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति और टीएमएच की ओपीडी बुकिंग प्रणाली से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में वीपी कॉरपोरेट सर्विसेज के डीबी सुंदरारमम, जुस्को के एमडी अतुल भटनागर, जीएम आरके सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा यूनियन की ओर से महासचिव सतीश कुमार सिंह, मोहन सिंह, संतोष पांडे, अजय मिश्रा, संजय कुमार पांडे, संजय कुमार सिंह और विकास दास उपस्थित रहे।

टीएसी ने कदमा गणेश पूजा मैदान समेत विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और पार्किंग अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की सराहना की और इसे लगातार जारी रखने पर सहमति जताई। सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ठेला और अस्थायी दुकानों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जुस्को और जेएनएसी के संयुक्त तत्वावधान में दो अलग-अलग टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें एक पूर्वी क्षेत्र और दूसरी पश्चिमी क्षेत्र में कार्य करेगी।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि उपलब्ध पार्किंग स्थलों का उपयोग नहीं करने और सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहनों की टोइंग भी की जाएगी। न्यू बारीडीह से टिनप्लेट तक सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

बिष्टुपुर एम रोड स्थित पार्किंग परिसर में शाम के समय असामाजिक तत्वों और नशाखोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वहां नियमित गश्त बढ़ाने का फैसला किया गया। वहीं एग्रीको वर्कर्स फ्लैट क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बेहतर प्रकाश व्यवस्था और नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी। सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बिष्टुपुर क्षेत्र में सफाई कार्य अब सप्ताह में दो बार से बढ़ाकर तीन बार की जाएगी। बाराद्वारी सुपरवाइजर फ्लैट क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में कंपनी फ्लैटों और आवासीय परिसरों में चल रहे मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। जिन आवासों में बाहरी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां चरणबद्ध तरीके से कार्य कराए जाएंगे। बारीडीह के पुराने मकानों में छतों पर बढ़ रही पैरो की समस्या के समाधान के लिए चल रही कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए एम-टाइप आवासों के बाद अब डीएस फ्लैटों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जी टाउन क्लब मैदान में अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सिदगोड़ा स्थित नेचर ट्रेल पार्क को शाम 8 बजे तक खुला रखने, बर्मामाइंस मैदान का उपयोग व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग के लिए करने तथा केबल कंपनी गेट से ट्यूब डिवीजन गेट तक सड़क सुधार और अतिक्रमण हटाने पर भी सहमति बनी।

बैठक में फ्लैट क्षेत्रों में गेल गैस कनेक्शन को अपनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ निवासियों द्वारा कनेक्शन नहीं लेने से अन्य लोगों को भी परेशानी होती है। जल्द ही ईसीसी फ्लैट क्षेत्र में गैस कनेक्शन का कार्य शुरू किया जाएगा। बिजली कनेक्शन देने में हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की गई और प्रक्रिया को तेज करने का अनुरोध किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की सूचना जुस्को हेल्पलाइन 46000 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

टीएमएच की ओपीडी बुकिंग प्रणाली से जुड़ी समस्याओं को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि बुकिंग स्लॉट और डाक्टरों की उपलब्धता में समन्वय नहीं होने से मरीजों और डॉक्टरों दोनों को परेशानी होती है। इस व्यवस्था में सुधार के लिए बुकिंग समय और चिकित्सकों की उपस्थिति के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा, टिनप्लेट कंपनी के प्रवेश मार्ग को सुरक्षा कारणों से बंद करने पर भी सहमति बनी। बैठक के अंत में टाउन एडवाइजरी कमेटी ने नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित टाउनशिप के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की।

Read Also: Jamshedpur Tata Steel : टाटा स्टील कर्मियों के ग्रेड पर प्रबंधन यूनियन के बीच तनातनी, नहीं बन रही सहमति

Related Articles

Leave a Comment