Home » Jamshedpur News: महिला से पर्स छीनकर भाग रहा युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, जमकर हुई पिटाई

Jamshedpur News: महिला से पर्स छीनकर भाग रहा युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, जमकर हुई पिटाई

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार शाम छिनतई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शंकरपुर स्थित विद्यासागर पाली मेन रोड पर एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पीड़िता सुनीता वर्मा, जो शंकरपुर गोबरा टोला की निवासी हैं, ने बताया कि वह अपने घर से विद्यासागर पाली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया। महिला ने आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की है।

घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर गांधी मैदान के पास उसे पकड़ लिया गया। लोगों का आरोप है कि तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी आरोपी के पास से बरामद हुआ। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।

सुनीता वर्मा ने बताया कि आरोपी ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरा आंशिक रूप से ढका हुआ था। सुनसान स्थान का फायदा उठाकर उसने झपट्टा मारते हुए उनका बैग छीन लिया। बैग में एक रियलमी मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी।

इस बीच झामुमो के मध्य सरजमदा पंचायत अध्यक्ष विमल पाल ने आरोप लगाया कि पकड़ा गया युवक पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी गाड़ी जलाने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। साथ ही आरोपी के नशे का आदी होने और चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने का भी आरोप लगाया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read also –Jamshedpur News: जुगसलाई में 5 दिनों से कचरा उठाव ठप, डंपिंग यार्ड भरने से बढ़ी परेशानी; पार्षदों ने समाधान की मांग उठाई

Related Articles

Leave a Comment