Home » Jamshedpur News: उलीडीह थाना से चंद कदम दूर मेन रोड पर शटर तोड़कर 80 हजार की चोरी, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

Jamshedpur News: उलीडीह थाना से चंद कदम दूर मेन रोड पर शटर तोड़कर 80 हजार की चोरी, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

घटनास्थल पर जांच के दौरान बांस और मोटे बल्ले मिले, जिनका इस्तेमाल शटर तोड़ने में किया गया था। आवाज न हो, इसके लिए अपराधियों ने बांस और बल्लों पर रबर की ट्यूब भी बांध रखी थी।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए डिमना मेन रोड पर एक दुकान का शटर तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना डिमना मुख्य सड़क पर ग्रीन वाटिका के पास स्थित फल एवं ड्राई फ्रूट की दुकान ‘सेलिब्रेशन’ में हुई।

दुकान संचालक अमित कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह रविवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर एक तरफ से टूटा हुआ है। दुकान के अंदर प्रवेश करने पर पता चला कि गल्ले में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद गायब हैं। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए गए थे।

घटनास्थल पर जांच के दौरान बांस और मोटे बल्ले मिले, जिनका इस्तेमाल शटर तोड़ने में किया गया था। आवाज न हो, इसके लिए अपराधियों ने बांस और बल्लों पर रबर की ट्यूब भी बांध रखी थी। अमित कुमार ने बताया कि शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने के कारण दो दिनों की बिक्री की रकम दुकान में ही रखी गई थी। उन्होंने कहा कि व्यस्ततम डिमना मेन रोड पर इस तरह की चोरी की घटना की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उलीडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने का भरोसा दिलाया।

विकास सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि मानगो क्षेत्र नशे के कारोबार और नशाखोरी की गिरफ्त में आता जा रहा है, जिसके कारण चोरी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल डिमना मेन रोड पर शटर तोड़कर चोरी की घटना कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो वह अपने समर्थकों के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Leave a Comment