Home » Jamshedpur News: जुगसलाई में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, 24 पुड़िया नशीला पदार्थ बरामद

Jamshedpur News: जुगसलाई में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, 24 पुड़िया नशीला पदार्थ बरामद

by Mujtaba Haider Rizvi
Jugsalai Brown Sugar Arrest
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद 170 रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी रेलवे पुल के आसपास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरकई नदी रेलवे पुल के पूर्वी छोर पर रेलवे ट्रैक के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मो. सरफराज उर्फ तिल्ली (24 वर्ष) और मो. शहबाज उर्फ मन्ना (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,600 रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ब्राउन शुगर की एक पुड़िया 100 से 150 रुपये में खरीदते थे और 250 से 300 रुपये में बेचते थे।

इस मामले में जुगसलाई थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 46/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

बरामद सामान

24 पुड़िया ब्राउन शुगर
नकद 170 रुपये

गिरफ्तार आरोपी

मो. सरफराज उर्फ तिल्ली (24 वर्ष)
मो. शहबाज उर्फ मन्ना (23 वर्ष)

दोनों आरोपी गरीब नवाज कॉलोनी, नशीम मैरेज हॉल के पीछे, जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से सरफराज के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले पहले से लंबित हैं।

छापेमारी अभियान में डीएसपी सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Read Also: jamshedpur News : जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने सड़क पर उतरे सिटी एसपी ललित मीणा, ऑटो चालकों को पीछे से पर्दा हटाने का निर्देश

Related Articles

Leave a Comment