
Jamshedpur : दीपावली और लक्ष्मी पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
साकची, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा, टेल्को, बिष्टुपुर और कदमा समेत कई इलाकों में पुलिस ड्रोन की मदद से संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर नजर रख रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना है।

जमशेदपुर में ड्रोन से निगरानी का दृश्य
पुलिस की विशेष निगरानी में संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ बाजार और सार्वजनिक स्थान भी शामिल हैं। ड्रोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती भी जारी है, ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली और लक्ष्मी पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

ड्रोन से निगरानी का दृश्य
जमशेदपुर पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

