Home » Jharkhand Crime: हजारीबाग में मंदिर निर्माण व प्रबंधन का विवाद खूनी टकराव में बदला, पथराव में 15 से ज्यादा घायल,आधा दर्जन गंभीर

Jharkhand Crime: हजारीबाग में मंदिर निर्माण व प्रबंधन का विवाद खूनी टकराव में बदला, पथराव में 15 से ज्यादा घायल,आधा दर्जन गंभीर

कांडतरी और गुरुचट्टी गांव के लोगों में लंबे समय से चल रहा था मनमुटाव, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​हजारीबाग : जिले के बड़कागांव क्षेत्र में प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर निर्माण को ले दो गांवों के बीच जमकर बवाल हो गया। मंदिर निर्माण और इसकी देखरेख के अधिकारों को लेकर चल रही खींचतान आखिरकार रविवार को एक हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। दो गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इस घटना में दोनों पक्षों के 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं, जबकि करीब आधा दर्जन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर करना पड़ा है।

​यह पूरा विवाद बड़कागांव प्रखंड के महूदी पहाड़ पर स्थित प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर से जुड़ा है। मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। इसका निर्माण राजा दलेल सिंह ने कराया था। कुछ समय पहले जब इस प्राचीन मंदिर के शिवलिंग को किसी ने नुकसान पहुंचाया, तब यह मामला काफी सुर्खियों में आया था।

​शुरुआती दौर में गुरुचट्टी गांव के लोग ही इस मंदिर की देखरेख करते थे। उन्होंने ही अपनी मेहनत से पहाड़ पर सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई थीं। बाद में व्यवस्था को सुचारू चलाने के लिए एक समिति का गठन किया गया, जिसमें कई गांवों के लोग शामिल हुए। लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब कांडतरी गांव के लोगों ने अपनी एक अलग समिति बना ली। इसके बाद से ही दोनों गांवों के बीच मंदिर के प्रबंधन और आयोजनों को लेकर खींचतान शुरू हो गई। इस रंजिश को मिटाने के लिए कई बार प्रशासनिक स्तर पर बैठकें भी हुईं, लेकिन बात नहीं बनी।

रविवार सुबह अचानक भड़की हिंसा

​रविवार की सुबह करीब 11 बजे ब्लॉक मोड़ के पास माहौल अचानक बिगड़ गया। मंदिर के नए सिरे से निर्माण कराने के मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच चल रहा पुराना तनाव फूट पड़ा। देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग जुट गए और जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने इधर-उधर भागने लगे।
​राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों में भी डर का माहौल बन गया है। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बड़ी सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को हटाकर स्थिति को काबू में किया।

​इलाके में पुलिस बल तैनात, प्रशासन की पैनी नजर

​हिंसा की इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न घटे। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है और घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

Read Also:  Jharkhand Crime: पलामू में भाजपा नेता को घर से उठा ले गए, फिर बेरहमी से पीटा, पसली टूटी; आदित्य साहू ने दी आंदोलन की चेतावनी 

Related Articles

Leave a Comment