
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में डोबो रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक राइडर्स की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 30 वर्षीय युवक उज्ज्वल मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी उज्ज्वल मंडल रविवार सुबह करीब सात बजे अपनी मोटरसाइकिल से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोबो रोड पर सामने से चार से पांच बाइक पर सवार राइडर्स तेज रफ्तार में आ रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान एक बाइक सवार ने उज्ज्वल की मोटरसाइकिल में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उज्ज्वल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक पर उनके साथ सवार बंसीधर मंडल को हल्की चोटें आई हैं। हादसे में एक बाइक राइडर के भी घायल होने की सूचना है।
परिवार भी आया बाइक राइडर्स की चपेट में
घटना के संबंध में भूषण महतो ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे बाइक राइडर्स की चपेट में उनका परिवार भी आ गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दीपावली के उल्लास के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

