Jamshedpur : मानगो में विधायक निधि में गोलमाल चल रहा है। विधायक निधि के मानगो वर्कर्स कॉलेज के पास स्थित सामुदायिक शौचालय के जीर्णोद्धार के कार्य का जेई खुद ठेकेदार बन गया। शौचालय के जीर्णोद्धार में घटिया काम की जब जिला प्रशासन से शिकायत हुई तो जेई कहने लगा कि फाइल में भले ही वह ठेकेदार है। लेकिन, दरअसल धरातल पर विधायक के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। जेई के इस बयान से मामला एक बड़े गोलमाल की तरफ इशारा कर रहा है। इलाके के लोगों की मांग है कि मामले में जांच करने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
साल 2016 में मानगो वर्कर्स कॉलेज के पास सामुदायिक भवन शौचालय का निर्माण कराया गया था। शौचालय की स्थिति जर्जर हो गई तो विधायक निधि से एक योजना तैयार कर इसका जीर्णोद्धार करने का काम शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि जो भी ठेकेदार बने उन्होंने शौचालय का प्लास्टर बिना हटाए घटिया क्वालिटी का टाइल्स लगाकर इसका जीर्णोद्धार शुरू कर दिया गया। इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की गई। इस पर ठेकेदार का कहना था कि भले ही फाइल में ठेकेदार के तौर पर उनका नाम है, लेकिन असल में विधायक के कार्यकर्ता कम करा रहे हैं। इसीलिए वह इस मामले में कड़ाई से पेश नहीं आ पा रहे हैं। अब इस मामले को भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह जोर-शोर से उठा रहे हैं। उनका कहना है कि जिला प्रशासन से मामले की शिकायत के बाद ठेकेदार हरकत में आया और रातों-रात घटिया टाइल्स उखाड़ने का काम शुरू किया गया। लेकिन कुछ टाइल्स हटाने के बाद काम बंद कर दिया गया है। शौचालय पूरी तरह से जर्जर है। इसका जीर्णोद्धार अब तक नहीं किया गया। इससे इलाके के लोगों को दिक्कत हो रही है। पूर्व भाजपा नेता का कहना है कि जिला प्रशासन पूरे मामले की जांच कराए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करे।

