Chaibasa : “प्रगति पत्र पर अग्रसर 12 वर्षों की यात्रा : सशक्त, समृद्ध एवं सुरक्षित भारत” विषय पर सोमवार को चाईबासा सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम के झारखंड प्रभारी सह क्योंझर सांसद अनंत नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को आधार बनाकर विकसित भारत के संकल्प को नई गति दी है। यह कालखंड राष्ट्र प्रथम के मंत्र, लोक सेवा के संकल्प और अंत्योदय के लक्ष्य को समर्पित रहा है।
डिजिटल भारत से बदली तस्वीर
सांसद नायक ने कहा कि मोदी सरकार ने तकनीक को जन-जन तक पहुंचाकर डिजिटल भारत की मजबूत नींव रखी है। डिजिटल भुगतान, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। “विरासत भी, विकास भी” के मंत्र के साथ देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सांस्कृतिक पुनर्जागरण का भी अभूतपूर्व कार्य हुआ है। भारत की सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है।
जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ा: तुबिद
प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिद ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, रोजगार एवं सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है। जनजातीय गौरव दिवस, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति योजनाएं, कौशल विकास कार्यक्रम तथा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से आदिवासी युवाओं को नई दिशा मिली है।
डबल इंजन सरकार से होगा तेज विकास
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन से विकास को नई ऊंचाई मिली है। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र की कई जनहितकारी योजनाओं को झारखंड सरकार अपेक्षित गति से धरातल पर नहीं उतार पा रही है। डबल इंजन की सरकार होने पर विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचता है।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण का संदेश
प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री बड़कुवर गागराई, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक, रंजन प्रसाद, संजय पांडेय एवं सतीश पुरी मंचासीन रहे। इस अवसर पर सांसद अनंत नायक ने चाईबासा कैफेटेरिया परिसर में “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री चंदन झा, भूषण पाट पिंगुवा, पवन शर्मा, चंद्र मोहन तिऊ, सनी पासवान, अमरेश प्रधान, रूपा दास , राजश्री बांद्रा, रमेश खैरवाल प्रताप कटिहार महतोसहित सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

