
Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय युवक सागु राम स्टेशन पर खड़ी टाटा-दानापुर ट्रेन की छत पर चढ़ गया। युवक को ट्रेन के ऊपर चढ़ता देख यात्रियों और रेलकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह छत पर पहुंच चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक लोगों से कह रहा था कि वह ट्रेन की छत पर चढ़कर एक छोर से दूसरे छोर तक जाएगा। इसके बाद वह काफी देर तक ट्रेन की छत पर घूमता रहा। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच चिंता और हड़कंप की स्थिति बनी रही।
इसी दौरान युवक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसे जोरदार झटका लगा और वह ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और रेलकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में युवक का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
घटना के कारण टाटानगर स्टेशन पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की जाती है कि वे ट्रेन की छत पर चढ़ने जैसी जानलेवा हरकत न करें, क्योंकि ओवरहेड हाईटेंशन तारों से दूर रहने के बावजूद करंट का गंभीर खतरा बना रहता है।
आदित्यपुर में ट्रेन की चपेट में आने से मुसाफिर की मौत
दूसरी तरफ आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर एक यात्री की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई है। यात्री की पहचान कराने की कोशिश चल रही है। बताया जा रहा है कि जिस ट्रेन से यह हादसा हुआ है, वह कटिहार से आ रही थी।
Read also – Ranchi News : JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में ED की एंट्री, आर्थिक लेन-देन और मनी ट्रेल की होगी जांच

