
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एंट्री करते हुए सीआईडी में दर्ज एफआईआर के आधार पर ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की जांच का मुख्य फोकस परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े आर्थिक लेन-देन, मनी ट्रेल और संभावित लाभार्थियों पर रहेगा। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि परीक्षा में अनियमितता के पीछे किसी तरह का आर्थिक नेटवर्क या लेन-देन तो नहीं हुआ।
जांच के दौरान संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर मामले में अलग से एफआईआर दर्ज करने की संभावना भी जताई जा रही है।
ईडी के जांच में शामिल होने के बाद जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले का दायरा और बढ़ सकता है। एजेंसी कथित परीक्षा अनियमितताओं के साथ-साथ उससे जुड़े आर्थिक स्रोतों और संभावित लाभ पाने वालों तक पहुंचने की कोशिश करेगी। आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

