
रांची : दुर्गापूजा 2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में गृह रक्षकों की तैनाती की तैयारी है। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के लिए कुल 6,750 गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव तैयार किया है।
प्रस्ताव के तहत गृह रक्षकों को 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक कुल 10 दिनों के लिए ड्यूटी में लगाया जाएगा। इसके लिए गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय की ओर से गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को औपचारिक स्वीकृति के लिए अनुरोध भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद जिलों में जरूरत के अनुसार गृह रक्षकों को उपलब्ध कराया जाएगा।
दुर्गापूजा 2026 में 24 जिलों में तैनाती की तैयारी
दुर्गापूजा के दौरान झारखंड के सभी 24 जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गृह रक्षकों की संख्या तय की गई है। सबसे अधिक 600 गृह रक्षक रांची जिले में तैनात किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा हजारीबाग और जमशेदपुर में 500-500 गृह रक्षकों की तैनाती प्रस्तावित है।
गिरिडीह और धनबाद में 400-400 गृह रक्षक लगाए जाएंगे। वहीं गुमला, चतरा, बोकारो, गढ़वा, लातेहार, चाईबासा, सरायकेला सहित कई जिलों में 300 या उससे अधिक गृह रक्षकों की तैनाती का प्रस्ताव है।
झारखंड में जिलेवार गृह रक्षकों की तैनाती
दुर्गापूजा 2026 के दौरान प्रस्तावित तैनाती के अनुसार रांची में 600, गुमला में 300, खूंटी में 150, लोहरदगा में 250 और सिमडेगा में 250 गृह रक्षक लगाए जाएंगे।
हजारीबाग में 500, गिरिडीह में 400, रामगढ़ में 200, कोडरमा में 200 और चतरा में 300 गृह रक्षकों की तैनाती प्रस्तावित है। धनबाद में 400 और बोकारो में 300 गृह रक्षक तैनात किए जाने हैं।
पलामू में 250, गढ़वा में 300 और लातेहार में 300 गृह रक्षकों को ड्यूटी में लगाने का प्रस्ताव है। संताल परगना में देवघर को 100, दुमका को 250, साहेबगंज को 200, पाकुड़ को 200, गोड्डा को 100 और जामताड़ा को 100 गृह रक्षक उपलब्ध कराने की योजना है।
कोल्हान क्षेत्र में जमशेदपुर में 500, चाईबासा में 300 और सरायकेला में 300 गृह रक्षकों की तैनाती प्रस्तावित है। इस तरह राज्य के सभी 24 जिलों के लिए कुल 6,750 गृह रक्षकों की संख्या तय की गई है।
सभी जिला समादेष्टाओं को तैयारी का निर्देश
गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय रांची की ओर से सभी जिला समादेष्टाओं को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें अपने-अपने जिलों में गृह रक्षकों को तैयार स्थिति में रखने के लिए कहा गया है, ताकि विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद उनकी तैनाती में किसी तरह की देरी न हो।
मुख्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग से औपचारिक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक को गृह रक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे।
14 से 23 अक्टूबर तक होगी ड्यूटी
दुर्गापूजा 2026 के दौरान गृह रक्षकों की प्रस्तावित ड्यूटी अवधि 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक रखी गई है। यानी पूजा और उससे जुड़े प्रमुख आयोजनों के दौरान लगातार 10 दिनों तक अतिरिक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने की तैयारी है।
गृह रक्षकों की तैनाती का उद्देश्य पूजा उत्सव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जिला पुलिस को सहयोग उपलब्ध कराना है। भीड़ वाले इलाकों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

