
जमशेदपुर: बागबेड़ा पुलिस ने चौकसी दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया है। पुलिस ने शहर के एक कुख्यात अपराधी अनूप चक्रवर्ती उर्फ ‘अनूप बंगाली’ को हथियार के साथ रंगे हाथों धर दबोचा है। उसके पास से एक लोडेड कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है।
पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया (कस्तौड़ मेन रोड) का रहने वाला है। फिलहाल वह बागबेड़ा के आनंदनगर इलाके में ठिकाना बनाकर रह रहा था और वहीं से अपनी संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
देर रात की गुप्त सूचना पर तुरंत एक्शन
मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि 1 अक्तूबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि अनूप बंगाली बागबेड़ा के वायरलेस मैदान के आसपास हथियार लहराते हुए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहा है।
खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। सिटी एसपी के निर्देश पर तुरंत डीएसपी (विधि-व्यवस्था) की अगुवाई में एक स्पेशल रेडिंग टीम बनाई गई। पुलिस टीम बिना कोई वक्त गंवाए वायरलेस मैदान पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली। मैदान में संदिग्ध हालत में घूम रहे अनूप बंगाली को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी कमर से एक लोडेड कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।
हत्या के प्रयास से लेकर डकैती तक के 17 मामले दर्ज
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अनूप बंगाली कोई मामूली बदमाश नहीं, बल्कि एक पेशेवर और पुराना अपराधी है। उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उस पर जमशेदपुर और आसपास के अलग-अलग थानों में हत्या की कोशिश, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों के कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं।
बागबेड़ा, बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस, परसुडीह, चाकुलिया और गम्हरिया थानों के अलावा टाटानगर RPF और चांडिल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह उस रात मैदान में किस खास व्यक्ति या जगह को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।
Read Also: Lohardaga Accident: लोहरदगा के अंवराझरिया झरने में बड़ा हादसा, डूबने से मार्शल आर्ट ट्रेनर और इंजीनियर की मौत

