
रांची: राजधानी रांची के खरसीदाग ओपी अंतर्गत गढ़खटंगा स्थित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान(IIAB) से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। संस्थान के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे एक पीएचडी शोधार्थी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक छात्र की पहचान महाराष्ट्र के रायपुर निवासी प्रथमेश के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जब काफी समय बीत जाने के बाद भी प्रथमेश अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो हॉस्टल के अन्य छात्रों को चिंता हुई। साथी छात्रों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
संदेह होने पर जब दरवाजा तोड़ा तो प्रथमेश कमरे में बेहोश पड़ा था। साथी आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही खरसीदाग ओपी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही महाराष्ट्र में रह रहे मृतक छात्र के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संदिग्ध है और मौत के पीछे की सही वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से छानबीन की जा रही है। प्रथमेश की मौत किसी बीमारी से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
Read Also: Jharkhand Politics: रांची की सड़कों पर उतरा राष्ट्रीय OBC मोर्चा,अल्बर्ट एक्का चौक पर जलाई जनगणना अधिसूचना की प्रति

