
Jamshedpur : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अशोक सिंह राघव को एमजीएम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अशोक सिंह राघव को सीधे सरायकेला जेल भेज दिया गया है। राघव पिछले कई दिनों से इलाज के नाम पर एमजीएम अस्पताल में भर्ती था। अब इस मामले की जांच होगी कि उसे मेडिकल बोर्ड ने एमजीएम अस्पताल में भर्ती करने की सिफारिश क्यों की थी। जबकि, एमजीएम अस्पताल में डाक्टरों ने उसकी जांच कर बताया कि उसे कोई बीमारी नहीं है। 
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर से राघव सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत था। मेडिकल बोर्ड की जांच के बाद उसे बेहतर जांच और इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था। एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने पाया कि उसे अस्पताल में भर्ती रखने की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी देकर सरायकेला जेल भेज दिया गया।
मामला सामने आने के बाद सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि राघव को जेल से अस्पताल भेजने का आधार क्या था और वह इतने दिनों तक अस्पताल में क्यों रहा।
पूरे मामले में जेल चिकित्सक और जेल प्रशासन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सवाल उठ रहा है कि अगर एमजीएम अस्पताल में राघव को भर्ती रखने की जरूरत नहीं पाई गई, तो उसे पहले अस्पताल भेजने की प्रक्रिया किस आधार पर अपनाई गई थी। अब उच्चस्तरीय जांच के जरिए पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी।

