Home » Dhanbad Cyber Crime: जामताड़ा के समीप साइबर ठगी का नया गढ़! धनबाद पुलिस के ऑपरेशन साइबर शील्ड ने उजाड़ा ठिकाना ​

Dhanbad Cyber Crime: जामताड़ा के समीप साइबर ठगी का नया गढ़! धनबाद पुलिस के ऑपरेशन साइबर शील्ड ने उजाड़ा ठिकाना ​

155 जवानों की स्पेशल फोर्स ने पिठाक्यारी गांव की घेराबंदी कर 11 शातिर ठगों को दबोचा; नकद, एप्पल समेत 19 स्मार्टफोन और ठगी के राज खोलने वाली सीक्रेट डायरी बरामद

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​धनबाद : ​साइबर क्राइम के गढ़ के रूप में कुख्यात जामताड़ा का काला साया अब पड़ोसी जिलों के गांवों तक फैलने लगा है। धनबाद के निरसा इलाके में साइबर अपराधियों के पांव पसारने की आहट मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एसएसपी प्रभात कुमार के कड़े रुख के बाद धनबाद पुलिस ने इस पर नकेल कसने के लिए एक विशेष मुहिम ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ की शुरुआत की, जिसने सीधे अपराधियों के ठिकाने पर करारा प्रहार किया है।

​155 पुलिसकर्मियों का बड़ा सीक्रेट मिशन

​1 अक्तूबर को पुलिस को पक्की गुप्त सूचना मिली थी कि निरसा थाना क्षेत्र का पिठाक्यारी गांव साइबर ठगों का नया सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। खतरा भांपते हुए ग्रामीण एसपी एस याकूब की अगुवाई में एक पावरफुल टीम बनाई गई, जिसमें 35 पुलिस अधिकारियों के साथ 120 महिला और पुरुष जवान शामिल किए गए।

​तकनीकी जांच और सटीक लोकेशन मिलने के बाद 155 जवानों की इस स्पेशल टीम ने बिना किसी शोर-शराबे के पिठाक्यारी गांव को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने इस बात का पूरा ख्याल रखा कि आम ग्रामीणों को कोई दिक्कत न हो और कार्रवाई सिर्फ चिह्नित संदिग्धों के ठिकानों तक ही सीमित रहे। अचानक हुई इस घेराबंदी से ठगों को भागने या अपने मोबाइल नष्ट करने का कोई मौका ही नहीं मिला।

​
लाखों का कैश, प्रीमियम मोबाइल और खातों का जखीरा जब्त

​छापेमारी के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी। पुलिस ने मौके से 2,85,000 रुपये नगद, एप्पल, मोटोरोला, वनप्लस, सैमसंग, वीवो जैसी बड़ी कंपनियों के 19 महंगे स्मार्टफोन, 7 एटीएम/डेबिट कार्ड, कई बैंकों (एसबीआई, एचडीएफसी, केनरा, एक्सिस, बंधन) की पासबुक और चेकबुक बरामद कीं। इसके अलावा 5 आधार कार्ड और 2 पैन कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

​इस पूरी कार्रवाई की सबसे अहम कड़ी साइबर फ्रॉड की एक सीक्रेट डायरी बनी है। इस डायरी में ठगी के शिकार हुए लोगों, पैसों के लेन-देन और गिरोह से जुड़े साथियों के मोबाइल नंबर व बैंकिंग विवरण दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि यह डायरी कई बड़े राज उगलने वाली है।

​पुराना रहा है आपराधिक रिकॉर्ड, कई थानों की पुलिस कर रही थी तलाश

​गिरफ्तार किए गए सभी 11 आरोपी पिठाक्यारी गांव के ही रहने वाले हैं। इनमें श्यामसुंदर रविदास (22), राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास (26), सचिन रविदास (29), मलय रविदास (30), श्यामापदो रविदास (39), झंटू ठाकुर (24), कुंदन वर्णवाल (26), अरमान रविदास (19), अजय रविदास (35), विजय रविदास (25) और सागर रविदास (29) शामिल हैं।

​जांच में सामने आया है कि इनमें से कई आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। राहुल रविदास के खिलाफ 2019 और 2021 में, जबकि श्यामसुंदर रविदास के खिलाफ 2021 और 2024 में निरसा थाने में पहले से संगीन मामले दर्ज हैं।

​बीएनएस और आईटी एक्ट में केस दर्ज, आगे और होंगे बड़े खुलासे

​इस मामले में निरसा थाने में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा सभी 11 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोनों के फॉरेंसिक डेटा, बैंक खातों की कड़ियों और डायरी के पन्नों के जरिए गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। धनबाद पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि जामताड़ा के आसपास के इलाकों में साइबर क्राइम की जड़ें जमने नहीं दी जाएंगी।
Read Also:  Jamshedpur News: जमशेदपुर में बड़ी वारदात की साजिश, 17 मुकदमों का आरोपी अनूप बंगाली हथियार के साथ गिरफ्तार

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment