
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग 2026 में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में चाईबासा चैलेंजर्स ने मनोहरपुर लायंस को 7 विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की, वहीं दूसरे मैच में कोल्हान किंग ने सारंडा वारियर्स को 8 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
पहले मैच में टॉस जीतकर चाईबासा चैलेंजर्स ने मनोहरपुर लायंस को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मनोहरपुर ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन बनाए। विकेटकीपर पंकज कुमार ने 6 चौके और 7 छक्कों की मदद से 87 रनों की शानदार पारी खेली। विजय रोहित ने 28 और तन्मय तंतुबाई ने नाबाद 22 रन बनाए। चैलेंजर्स की ओर से फैजानुल रहमान, हर्ष राणा और आकाश कुमार ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में चाईबासा चैलेंजर्स ने 17.4 ओवर में 3 विकेट पर 183 रन बनाकर मैच जीत लिया। रवि शर्मा ने 3 चौके और 6 छक्कों के साथ नाबाद 65 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई और मैन ऑफ द मैच बने। सुमित कुमार ने नाबाद 44, सचिन दूबे ने 32, अरविंद कुमार ने 22 और हर्ष राणा ने 15 रन बनाए। रवि शर्मा को जेएससीए के आजीवन सदस्य अभिषेक ने पुरस्कार दिया।
दूसरे मैच में कोल्हान किंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 210 रन बनाए। आशीष तनवर ने 9 चौके और 3 छक्कों से 78 रन और तौसिफ एहसान ने 56 रन बनाए। कप्तान शिवम कुमार ने 37 और सत्यम यादव ने 20 रन जोड़े। सारंडा की ओर से धीरज कुमार ने 3 और हिमांशु शर्मा ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारंडा वारियर्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन ही बना सकी। अंकित शर्मा ने 48, कुमार करण ने 36, बालकृष्णा ने 32 और जयप्रकाश राजपूत ने 24 रन बनाए। कोल्हान किंग के विकास यादव और हृतिक अनंत ने 2-2 विकेट लिए। आशीष तनवर को मैन ऑफ द मैच चुना गया, उन्हें रुंगटा माइंस के ज्वाइंट वाइस प्रेसिडेंट गिरधारी लाल पारीक ने सम्मानित किया।
Read Also Chaibasa News : ग्राहकों की सुरक्षा ही बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकता : रॉबिनसन

