
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुंदरूहातु गांव में पारिवारिक कलह के कारण एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घरेलू कहासुनी से आहत होकर 20 वर्षीय महिला पुतली सोय ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दुखद हादसे के कारण उनकी ढाई साल की मासूम बेटी पूरी तरह से बेसहारा हो गई है।
मामूली कहासुनी के बाद उठाया आत्मघाती कदम
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को किसी बात को लेकर पुतली सोय का अपने परिजनों के साथ विवाद हुआ था। बहस से आक्रोशित होकर उसने घर की छत के धारणा से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। गले में फंदा कसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस शनिवार को कुंदरूहातु गांव पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। थाना पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, हालांकि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

