Home » Jharkhand Crime: रांची से बहन के घर पटना पहुंचे CCL के रिटायर्ड GM की कार में मिली लाश, पास ही पड़ी थी पिस्टल

Jharkhand Crime: रांची से बहन के घर पटना पहुंचे CCL के रिटायर्ड GM की कार में मिली लाश, पास ही पड़ी थी पिस्टल

​तीन दिन पहले पटना गए थे आलोक कुमार, परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके में शनिवार तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई, जब फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमुना पैलेस के सामने खड़ी एक कार के अंदर वरिष्ठ नागरिक का खून से लथपथ शव मिला। जांच करने पर मृतक की पहचान सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के पूर्व जनरल मैनेजर आलोक कुमार के रूप में हुई। वह मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे और फिलहाल रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में परिवार संग रहते थे।

​कार का दरवाजा खुला था, पास पड़ा था हथियार

स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे इलाके में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि झारखंड नंबर की एक कार की ड्राइविंग सीट पर आलोक कुमार अचेत अवस्था में पड़े थे। उनके सिर/कनपटी के पास गोली का गहरा निशान था। कार की खिड़की का शीशा नीचे सरका हुआ था और दरवाजा हल्का खुला था। वाहन के पास ही जमीन पर एक पिस्टल और इस्तेमाल किया गया कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है।

​बहन से मिलने गए थे पटना

बताया जा रहा है कि 67 वर्षीय आलोक कुमार करीब तीन दिन पहले ही रांची से पटना गए थे। वह फ्रेंड्स कॉलोनी के एक अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी बहन के घर ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह वह हमेशा की तरह टहलने के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। जब अपार्टमेंट के गार्ड ने लावारिस कार खड़ी देखी, तब परिजनों को अनहोनी की जानकारी हुई।

​खुदकुशी या साजिश-उठ रहे कई सवाल

शुरुआती पड़ताल के आधार पर पुलिस इसे खुद को गोली मारने की घटना मानकर भी देख रही है। हालांकि, मृतक के रिश्तेदारों ने इस दावे को खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि बरामद पिस्टल आलोक कुमार की नहीं है और उनका किसी से कोई सीधा विवाद भी नहीं था।

​जमीन कारोबार और चोरी का एंगल भी जांच के दायरे में

पुलिस मामले के हर पहलू को गहराई से खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, आलोक कुमार सेवानिवृत्ति के बाद जमीन से जुड़े कारोबार में भी सक्रिय थे। इसके अलावा कुछ समय पहले रांची स्थित उनके आवास में चोरी की एक बड़ी वारदात भी हुई थी। उनका इकलौता बेटा विदेश में रहता है। ​फिलहाल राजीव नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल से तमाम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि मौत के असली कारणों और वक्त का सटीक पता लगाया जा सके।
Read Also:  JPSC-JSSC परीक्षा धांधली में CBI जांच पर सुप्रीम कोर्ट में अब 7अक्टूबर को सुनवाई, बेंच में होगा बदलाव

 

 

Related Articles

Leave a Comment