
रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नियमित मॉर्निंग वॉक पर निकले 67 वर्षीय बुजुर्ग की तालाब में गिरने से जान चली गई। मृतक की शिनाख्त आनंद दिवाकर के रूप में हुई है, जो हटिया के रोड नंबर-6 स्थित सिल्वर कुंज अपार्टमेंट फ्लैट नंबर E-01 के निवासी थे।
रोज की तरह आनंद दिवाकर सुबह-सुबह टहलने के लिए स्मार्ट सिटी परिसर आए हुए थे। इसी दौरान वे टहलते-टहलते तालाब के समीप चले गए। आशंका जताई जा रही है कि किनारे पर उनका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने की वजह से वे नीचे गिर गए। दुर्घटना के समय उनका चेहरा पानी के भीतर डूब गया, जबकि धड़ का हिस्सा बाहर किनारे पर ही रह गया। सांस रुकने या अन्य शारीरिक कारणों से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही धुर्वा पुलिस की टीम स्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए रिम्स भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच से यही लगता है कि टहलते समय बुजुर्ग का पैर फिसल गया होगा। हालांकि, यह साफ होना बाकी है कि गिरने के बाद पानी में दम घुटने से मौत हुई या फिर अचानक दिल का दौरा पड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।

