
रांची : छोटे-छोटे थिरकते कदम। अलग-अलग राज्यों की रंग-बिरंगी वेशभूषा। हाथों में तिरंगा। गीतों में देशभक्ति। ऑड्रे हाउस रविवार को मानो मिनी भारत में बदल गया। मौका था- द फोटोन न्यूज की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘आजादी के रंग, सावन के संग’ का।

कार्यक्रम में 125 से अधिक बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां दी। बच्चों ने अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और परंपरा को अपने नृत्य और परिधानों के जरिए मंच पर जीवंत किया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उत्साह ने दर्शकों को भी बांधे रखा। कई प्रस्तुतियों के दौरान दर्शक अपनी जगह पर थिरकते नजर आए। कार्यक्रम के अंत तक सभागार में उत्साह बना रहा। हॉल के भीतर के साथ बाहर भी लोगों की भीड़ रही।


‘हर करम अपना करेंगे…’ से हुई शुरुआत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड होमगार्ड्स एंड फायर सर्विसेज के डीआईजी एम अर्शी ने देशभक्ति गीत ‘हर करम अपना करेंगे, ऐ वतन तेरे लिए…’ गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी ने गुलाम भारत को नहीं देखा है। जेन-जी और जेन- अल्फा को यह बताना जरूरी है कि देश ने किन परिस्थितियों में आजादी हासिल की। आजादी का महत्व समझना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश अपनी नीतियां खुद तय नहीं कर पाते। दूसरे देश उन पर अपनी नीतियां थोपते हैं। भारत स्वतंत्र है और अपने फैसले खुद करता है। यह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आजादी के मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं।


कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एम अर्शी के साथ प्रो. (डॉ.) रंजीत कुमार सिंह, प्रोफेसर-कम-ज्वाइंट डायरेक्टर, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, झारखंड सरकार, वाईबीएन यूनिवर्सिटी के संचालक रामजी यादव, पैनेशिया हॉस्पिटल के सीओओ मानस कुमार लाभ, द फोटोन न्यूज के एग्जीक्यूटिव एडिटर डॉ. ब्रजेश कुमार मिश्र, चीफ एडिटर शंभुनाथ चौधरी, महाप्रबंधक संजीव कुमार सिंह, ब्रांड मैनेजर साधना कुमार ,झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता सोनाली भट्टाचार्य, विश्व रिकॉर्ड धारक एवं लेखिका डॉ. मेघा रानी और आश्वी डायग्नोस्टिक की संचालक रिधिमा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।
सम्मानित होने वालों के नाम
- डॉ. मेघा रानी — राइटिंग क्वीन ऑफ द वर्ल्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर एवं हिंदी लेखिका
- संगीता कुमारी — ट्रैफिक पुलिस
- डोमा शेरपा — झारखंड आर्म्स पुलिस
- संदीप सावर्ण — वरिष्ठ पत्रकार
- अमृत हेंब्रम — क्लिकावर्ल्ड प्रोडक्शन
- वसीम आलम — निदेशक, वाम्स मॉडलिंग इंस्टीट्यूट
- पूजा थापा — मिसेज वर्ल्ड इंडिया इंटरनेशनल 2024, नेशनल ज्यूरी एवं प्रोफेशनल मॉडल
- शिक्षिका अनुराधा कुमारी
- शिक्षक मोहम्मद ताहिर हुसैन


