
रांची : रांची के उपायुक्त ने छात्र आंदोलन में शामिल होने दूसरे जिलों से आए छात्रों की सुरक्षित घर वापसी में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर छात्रों से घर वापसी की अपील की है। कहा है कि उनकी सहायता के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था की है।
पोस्ट में लिखा है कि रांची में छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से आए छात्रों की सुविधा और सुरक्षित वापसी को लेकर जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता के साथ पहल की है। आंदोलन में शामिल होने के बाद अपने-अपने जिलों को लौटने वाले छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा परिवहन व्यवस्था की गई है। सहायता के लिए उन्होंने नंबर 9162738438 जारी किया है।
जिला प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं सामूहिक रूप से नजदीकी जिलों की ओर जाने वाले छात्रों के लिए आवश्यकतानुसार परिवहन की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि बाहर से आए कोई भी छात्र अकेला, असहाय या परेशान होकर अपने घर लौटने के लिए भटकने को मजबूर न हो।
दूसरे जिलों से आए छात्र परिवहन संबंधी सहायता के लिए जारी किया गया नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर छात्रों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन ने की भावुक अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र हमारे अपने हैं और उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं सकुशल घर वापसी प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में कोई छात्र स्वयं को अकेला न समझे। आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन से संपर्क करें, प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।
जिला प्रशासन की ओर से छात्रों से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपने घरों की ओर लौटें। किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा परिवहन संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9162738438 पर संपर्क करें।

