धनबाद। केंदुआडीह क्षेत्र में भू-धंसान, गैस रिसाव और भूमिगत आग से बिगड़ते हालात के बीच गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने प्रभावित इलाके का दौरा किया।
अधिकारियों ने पहले अग्नि और भू-धंसान से प्रभावित धनबाद-बोकारो सड़क का निरीक्षण किया, फिर गैस रिसाव स्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालात देखने के बाद अधिकारियों का दल केन्दुआडीह थाना पहुंचा। यहां बीसीसीएल और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर समस्या की गंभीरता तथा इसके निदान पर चर्चा की।
केंदुआडीह थाना को भी किया जाएगा स्थानांतरित
भू-धंसान के खतरे को देखते हुए केन्दुआडीह थाना को भी स्थानांतरित किया जाएगा। सोमवार तक थाना को केंदुआ स्थित पुराने बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज भवन में शिफ्ट करने की योजना है। अधिकारियों ने नए भवन का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ में भोले-भाले परिवारों को गुमराह कर रहे हैं। तकनीकी संस्थानों की रिपोर्ट साफ कहती है कि पूरा इलाका बेहद खतरनाक हो चुका है। प्रशासन के पास 535 प्रभावित परिवारों की सूची है, हालांकि सर्वे में कुछ परिवार छूट भी गए हैं। ऐसे सभी परिवारों को भी चिह्नित कर पुनर्वास की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
प्रभावित परिवारों को सुरक्षित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने डेंजर जोन में रह रहे लोगों से अपील की कि वे तत्काल बेलगड़िया शिफ्ट होने की तैयारी करें। प्रशासन के अनुसार झरिया मास्टर प्लान 2.0 के तहत प्रभावित परिवारों को बेलगड़िया में दो-दो फ्लैट दिए जा रहे हैं।
साथ ही रोजगार के लिए कौशल विकास केंद्र, बिजली, पानी, सोलर स्ट्रीट लाइट, बस सेवा, ई-रिक्शा, स्कूल, हेल्थ सेंटर और बेहतर सड़क जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
गैस रिसाव जल्द बंद होने वाला नहीं, और बढ़ सकता है दायरा
उन्होंने बताया कि भूमिगत आग के कारण गैस रिसाव जल्द बंद होने वाला नहीं है, बल्कि समय के साथ इसका दायरा और बढ़ सकता है। आईआईटी (आईएसएम), डीजीएमएस, सिंफर समेत कई तकनीकी संस्थानों ने निरीक्षण के बाद क्षेत्र को पूरी तरह डेंजर जोन बताया है।
उन्होंने हालात को देखते हुए बताया कि भविष्य में इससे भी भयावह स्थिति बनने की आशंका है। इसलिए यहां से लोगों का हटना ही एकमात्र सुरक्षित विकल्प है। धनबाद-बोकारो सड़क की स्थिति पर उपायुक्त ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की। कहा कि वर्तमान सड़क उपयोग के लायक नहीं है।
दौरे के दौरान बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक तकनीकी संजय कुमार सिंह, पुटकी बलिहारी क्षेत्र के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी विकास आनंद, डीएसपी ला एंड आर्डर नौशाद आलम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

