Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन 19 अप्रैल रविवार को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में पूरी तरह जुट गया है। जिले में कुल 60 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 26,530 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
मीटिंग में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और वितरण के लिए भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना है।वहीं सिटी एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी करेंगी। बिना जांच किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मेटल डिटेक्टर वह हैंडहेल्ड डिवाइस से होगी परीक्षार्थियों की जांच
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। हर केंद्र पर मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड डिवाइस की व्यवस्था की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के अंदर और आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके

