
CHAIBASA : चाईबासा सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की छात्रा रिंकी सारंगी ने झारखंड नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल द्वारा आयोजित एएनएम प्रथम वर्ष (अक्टूबर-2024 बैच) की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे झारखंड राज्य में तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्थान एवं पश्चिमी सिंहभूम जिले का नाम रोशन किया है।
परीक्षा परिणाम के अनुसार रिंकी सारंगी ने कुल 747 अंक प्राप्त की हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा एवं मेहनत का उत्कृष्ट परिचय दिया है।
रिंकी सारंगी की इस उल्लेखनीय सफलता से एएनएम प्रशिक्षण स्कूल सदर अस्पताल में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन, समर्पण तथा विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सदर अस्पताल प्रशासन एवं एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय परिवार ने रिंकी सारंगी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह सफलता संस्थान के अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा वे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।
यह उपलब्धि केवल एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय सदर अस्पताल चाईबासा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है। रिंकी सारंगी की सफलता से जिले के स्वास्थ्य एवं नर्सिंग शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत छात्र-छात्राओं को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलेगी।

