
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत एनएच 75 (ई) (रांची-चाईबासा) मुख्य मार्ग पर मंगलवार को सुबह में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पोटका के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी सद्दाम अंसारी और अब्दुल पेंटिंग और टाइल्स मिस्त्री का काम करते हैं। दोनों चक्रधरपुर के सिमिदिरी इलाके में काम खत्म करने के बाद बाइक से जमशेदपुर लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर चाईबासा की तरफ से पुरुषोत्तम कुमार यादव और अनिरुद्ध कुमार प्रधान बाइक से चक्रधरपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पोटका के पास दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। समाजसेवी सिकंदर जामुदा और स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को सड़क से उठाया और टोटो के माध्यम से चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए पीसीआर वैन से घायलों को अस्पताल भेजा।
अनुमंडल अस्पताल में चारों घायलों का इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीन युवकों की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read Also

