
Jamshedpur : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र में जुलूस-ए-मोहम्मदी का भव्य स्वागत एवं इस्तकबाल किया जाएगा। सामाजिक संस्था तहरीक-ए-अदब कमेटी की ओर से कल बुधवार को टेल्को मेन रोड स्थित पुराने टेल्को यूनियन के पास स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी।
आयोजकों के अनुसार, टेल्को बारी नगर मदरसा तनवीरुल इस्लाम से निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी का स्वागत पूरे उत्साह और अकीदत के साथ किया जाएगा। इस दौरान फातेहा-ख्वानी का भी आयोजन होगा। आयोजन को लेकर कमेटी के सदस्यों की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम में जुलूस में शामिल आशिक-ए-मुस्तफा का स्वागत एवं इस्तकबाल किया जाएगा। साथ ही उलमा-ए-कराम को साफा पहनाकर सम्मानित करने का कार्यक्रम भी रखा गया है। आयोजकों ने लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।
तहरीक-ए-अदब कमेटी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और मानवता का संदेश देने वाला अवसर है। जुलूस के दौरान धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कमेटी की ओर से शहरवासियों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया गया है। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होकर आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देंगे।

