
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के अशोक नगर क्षेत्र में रहने वाले जाने-माने डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा से पांच करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई है। पैसे न देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपराधी की तलाश में जुट गई है।
अज्ञात नंबर से एक ही रात में 42 बार आए कॉल
डॉ. सिन्हा के अनुसार, यह प्रताड़ना 29 जुलाई की देर रात शुरू हुई। रात के करीब 12:45 बजे उनके मोबाइल पर पहला कॉल आया, जिसके बाद पूरी रात में लगभग 42 बार फोन और मिस्ड कॉल किए गए। धमकी भरे कॉल करने का आरोपी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। उसने 31 जुलाई को 22 बार और 2 अगस्त को रिकॉर्ड 52 बार फोन करके डॉक्टर को परेशान किया।
जमीन खरीदने के बहाने जुटाया परिवार का डेटा
शुरुआत में आरोपी ने बड़ी चालाकी से काम लिया। उसने डॉक्टर की पैतृक जमीन खरीदने में दिलचस्पी दिखाई और इसी बहाने उनके परिवार और संपत्तियों की पूरी जानकारी जुटा ली। यहां तक कि आरोपी ने डॉक्टर की पत्नी से भी फोन पर अरगोड़ा स्थित जमीन के सिलसिले में लंबी बातचीत की। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सिसई में काम करने वाले एक सफाईकर्मी से डॉक्टर का पर्सनल नंबर हासिल किया था।
लोकेशन ट्रैक कर रही पुलिस
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर डॉ. सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस को आरोपी के साथ हुई बातचीत के ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपे हैं। फिलहाल, अरगोड़ा थाना की पुलिस कॉल डिटेल और ऑडियो सबूतों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है।
Read Also: Giridih News : गिरिडीह में CCL का लंकास्टर अस्पताल भू-धंसान की चपेट में आया, इलाका सील

