
रांची : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आज 22 अगस्त और कल 23 अगस्त को झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर दूसरा और अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले शिविर में बीएलओ मौजूद रहेंगे। ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि जिन नागरिकों की उम्र 1 अक्टूबर 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष पूरी हो चुकी है अथवा हो जाएगी और उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 और निर्धारित घोषणापत्र के माध्यम से आवेदन करें। ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
एसआईआर के दौरान यदि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या मतदान केंद्र निवास से दूर है, तो फॉर्म-8 के माध्यम से निकटतम एक ही मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित कराने का आवेदन किया जा सकता है। वहीं, झारखंड के सामान्य निवासी ऐसे मतदाता, जिनका नाम किसी दूसरे राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी फॉर्म-8 और निर्धारित घोषणापत्र के जरिए झारखंड के वर्तमान पते वाले मतदान केंद्र की सूची में नाम स्थानांतरित करा सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं और किसी विदेशी नागरिक का नाम सूची में शामिल न हो, इसके लिए नागरिकों और राजनीतिक दलों की सहभागिता जरूरी है। यदि किसी विदेशी नागरिक द्वारा गलत घोषणापत्र के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का प्रयास किया जाता है, तो उसके खिलाफ फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
शहरी क्षेत्रों में भी पात्र नागरिकों को एसआईआर में शामिल कराने के लिए वार्ड सदस्यों और पूर्व वार्ड सदस्यों से सहयोग की अपील की गई है। विशेष शिविर में नागरिक अपने संबंधित बीएलओ के पास आवेदन जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट ऐप और मतदाता सेवा पोर्टल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।


