हजारीबाग। ट्रेजरी घोटाले के मुख्य आरोपी सिपाही शंभू कुमार ने दीपूगढ़ा में आलीशान भवन बना रखा है। घोटाला ऊजागर होने के बाद उसका मकान राज्यभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब तक की जांच में पता चला है कि भवन खासमहाल जमीन पर बना है। जमीन अमीर बानो, पति सैयद बाकर मेहंदी के नाम पर आवंटित है। लीज हस्तांतरण के बिना ही जमीन पर तीन तल्ला आलीशान भवन बना दिया गया।
पक्ष रखने के लिए 15 अप्रैल को मिला समय
हजारीबाग उपायुक्त कार्यालय की ओर से आरोपी शंभू कुमार के मकान पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि अमीर बानो और शंभू कुमार ने किस आधार पर खासमहाल जमीन पर निर्माण कार्य किया है, उपायुक्त कार्यालय ने सभी संगत कागजातों के साथ पक्ष रखने के लिए 15 अप्रैल को 11:00 बजे तक समय निर्धारित किया है। साथ ही स्पष्ट कर दिया है कि जवाब नहीं देने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
यह नोटिस खासमहाल पदाधिकारी की ओर से जारी किया गया है। पुलिस विभाग के अकाउंट सेक्शन में करोड़ों रुपये के गबन मामले की जांच जारी है। इस दौरान तीनों मुख्य आरोपी के चल अचल संपत्ति की भी जांच चल रही है।
अकाउंट सेक्शन में कार्यरत तीन सिपाही मास्टरमाइंड शंभु कुमार, धीरेंद्र कुमार सिंह और रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा शंभू और रजनीश की पत्नी को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। कुल पांच आरोपियों को अब तक जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों के सगे संबंधियों से से भी पूछताछ की तैयारी में है।

