पश्चिम सिंहभूम: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त सुरक्षा बलों ने एक तरफ जहां माओवादियों से मुठभेड़ की, वहीं दूसरी ओर भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए।

मुठभेड़ में आईईडी विस्फोट, सीआरपीएफ का जवान घायल
मंगलवार को 18 मार्च की सुबह करीब 10:25 बजे, चाईबासा जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम राधा पोड़ा के पास सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में खुद को घिरता देख नक्सली जंगल और पहाड़ियों का फायदा उठाकर भाग गए। इसी दौरान उन्होंने पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट कर दिया, जिससे सीआरपीएफ 134 बटालियन के एसआई सुबोध कुमार घायल हो गए।घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय और सीआरपीएफ (झारखंड सेक्टर) के सहयोग से हेलीकॉप्टर के जरिए रांची भेजा गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

गोईलकेरा के जंगलों में हथियारों का जखीरा बरामद
इसी दिन गोईलकेरा थाना क्षेत्र के हाथीबुरू और लोवाबेड़ा के बीच जंगलों में नक्सलियों के गुप्त हथियार डंप (बंकर) की सूचना पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक बड़े नक्सली डंप को ध्वस्त कर दिया और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की।
बरामदगी की सूची
केन आईईडी: 2 नग (प्रत्येक लगभग 4 किलोग्राम)
कॉर्डेक्स वायर: 20 मीटर
इलेक्ट्रिक स्विच: 50 नग
स्प्लिंटर: 1 किलोग्राम
सिरिंज: 40 पीस
इलेक्ट्रिक वायर (2 एमएम): 100 मीटर
इलेक्ट्रिक वायर (4 एमएम): 20 मीटर
अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान जारी
झारखंड पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों की संयुक्त टीम सारंडा और कोल्हान के जंगलों में लगातार अभियान चला रही है। यह अभियान 2022 से लगातार जारी है। जिसके तहत कई नक्सली ठिकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक इस क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त नहीं कर दिया जाता।

