HAZARIBAGH: हजारीबाग जिले के लोहरसिंघना थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रपुरी चौक के पास एक जनवरी को हुई युवक की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। हत्या में प्रयुक्त खून लगी तलवार और बेसबॉल बैट भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि एक जनवरी 2026 की रात कोलघट्टी क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपितों ने इन्द्रपुरी चौक के पास सूरज कुमार राणा पर तलवार और अन्य हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना में कुलदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की पत्नी काजल कुमारी के बयान पर लोहरसिंघना थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने दिल्ली, नोएडा, रांची सहित कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में 10 जनवरी 2026 को नोएडा सेक्टर-126 से तीन अभियुक्त राहुल कुमार, रोशन कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र से चार अन्य अभियुक्त सोनू कुमार, राहुल उर्फ लोलो, अमन कुमार उर्फ रोहन और मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस कांड में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल कुमार यादव, रोशन यादव, दीपक यादव उर्फ दीपक कुमार, सोनू कुमार उर्फ सोनू साह, राहुल कुमार उर्फ लोलो, अमन कुमार उर्फ रोहन और मुकेश कुमार यादव शामिल हैं। सभी अभियुक्तों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

