
जमशेदपुर : झारखंड अधिविद्य परिषद् (जैक) ने वर्ष 2027 से होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के पंजीकरण और परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब माध्यमिक, इंटरमीडिएट, मध्यमा और मदरसा परीक्षाओं के लिए संबंधित संस्थान का यू-डायस प्लस कोड और प्रत्येक विद्यार्थी का परमानेंट एजुकेशन नंबर (पेन) अनिवार्य होगा। इनके बिना विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन और परीक्षा आवेदन पूरा नहीं किया जा सकेगा। जैक ने यह व्यवस्था स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के निर्देश के आधार पर लागू की है।
परिषद् की आवश्यक सूचना, विज्ञप्ति संख्या 58/2026 में इसका स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इसके तहत राज्य के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों और मदरसों को यू-डायस प्लस पोर्टल पर विद्यार्थियों का डाटा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपलोड करना होगा। परिषद् ने स्पष्ट किया है कि यू-डायस कोड या पेन नंबर उपलब्ध नहीं होने पर जैक के ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अथवा परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। इससे स्कूलों और संबंधित संस्थानों के लिए विद्यार्थियों का डाटा समय पर अपडेट करना अनिवार्य हो गया है।
इस लिए लागू हुआ नियम
नए नियम के तहत परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया में संस्थान की पहचान यू-डायस प्लस कोड के माध्यम से और विद्यार्थी की पहचान पेन नंबर के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। परिषद् का यह कदम विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को एकीकृत करने और परीक्षा प्रक्रिया में सही विद्यार्थी का डाटा सुनिश्चित करने से जुड़ा है।
जैक ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिले में इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। वहीं, संस्थानों के प्रधानों को ऑनलाइन आवेदन शुरू होने से पहले यू-डायस कोड और सभी विद्यार्थियों के पेन नंबर तैयार रखने को कहा गया है।

